अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने गुरुवार को दावोस में विश्व आर्थिक मंच (WEF) के दौरान भारत के साथ एक ‘अच्छे’ व्यापार समझौते पर भरोसा जताया। उन्होंने भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को ‘शानदार नेता’ और ‘अपना अच्छा दोस्त’ बताया।
ट्रंप ने स्विट्जरलैंड के दावोस में अपने भाषण के बाद एक साइडलाइन इंटरव्यू में यह बात कही। मनीकंट्रोल के एक पत्रकार ने उनसे भारत-अमेरिका व्यापार समझौते के बारे में पूछा था। ट्रंप ने जवाब दिया, ‘मुझे आपके प्रधानमंत्री (मोदी) के लिए बहुत सम्मान है। वे एक शानदार इंसान हैं और मेरे दोस्त हैं। हम एक अच्छा डील करने वाले हैं।’
अमेरिका ने लगाया था टैरिफ
यह बयान ऐसे समय में आया है जब अमेरिका ने भारत से आने वाले सामानों पर 50% तक टैरिफ (शुल्क) लगा रखा है। ट्रंप ने इसे रूस से तेल खरीदने की वजह से ‘पेनल्टी’ बताया था। पिछले पांच महीनों से दोनों देशों के बीच बातचीत चल रही है, लेकिन अभी तक कोई अंतिम समझौता नहीं हुआ है।
पिछले कुछ दिनों में कुछ उलझन वाली बातें हुईं। अमेरिका के वाणिज्य मंत्री हॉवर्ड लुटनिक ने कहा था कि मोदी जी ने ट्रंप को फोन नहीं किया, इसलिए डील नहीं हुई। भारत ने इस दावे को साफ तौर पर खारिज कर दिया। हालांकि, उम्मीद फिर जग गई है। नए अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने हाल ही में कहा कि अमेरिका भारत को महत्वपूर्ण साझेदार मानता है और व्यापार वार्ताएं जारी हैं। दोनों देश समझौते के लिए प्रतिबद्ध हैं।