ICC अंडर-19 वर्ल्ड कप 2026 के आखिरी सुपर-6 मुकाबले में भारत ने पाकिस्तान के सामने 253 रन का लक्ष्य रखा है। टीम इंडिया ने पहले बल्लेबाजी का न्योता मिलने पर 47 रन पर ही 3 विकेट गंवा दिए थे। वैभव सूर्यवंशी, कप्तान आयुष म्हात्रे और आरोन जॉर्ज जैसे बल्लेबाज पवेलियन लौट चुके थे। लग रहा था कि भारतीय टीम सस्ते में निपट जाएगी लेकिन वेदांत त्रिवेदी की 68 रन की संयमित पारी और आखिरी ओवरों में कनिष्क चौहान (29 गेंद में 35 रन) और खिलन पटेल (15 गेंद में 21 रन) की आतिशी बल्लेबाजी ने टीम को 250 के पार पहुंचा दिया।
टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में 3 टीमें पहुंच चुकी हैं। आज भारत-पाकिस्तान मुकाबले से चौथी टीम का फैसला होना है। टीम इंडिया सेमीफाइनल में एक कदम रख चुकी है। पाकिस्तान के खिलाफ जीत अंतिम-4 में उसकी जगह पक्की कर देगी। वहीं पाकिस्तान की राहें मुश्किल हैं। उसे सेमीफाइनल में पहुंचने के लिए टारगेट को 33.3 ओवर में हासिल करना होगा। पाकिस्तानी टीम के लिए एक और समीकरण है। वह 34.3 ओवर तक भी जीत दर्ज कर नॉकआउट स्टेज में पहुंच सकती है लेकिन उसे भारत के स्कोर की बराबरी करने के बाद छक्के से मैच फिनिश करना होगा।
अंबरीश ने भी दिया उपयोगी योगदान
भारत की आधी टीम 147 पर सिमट गई थी। यहां से वेदांत को आरएस अंबरीश का साथ मिला। दोनों ने छठे विकेट के लिए 35 रन की साझेदारी कर भारत को मुसीबत से निकाला। वेदांत के जाने के बाद अंबरीश ने कनिष्क के साथ मिलकर भारत को 200 के स्कोर तक ले गए। अंबरीश ने 38 गेंद में 29 रन का बहुमूल्य योगदान दिया।
पाकिस्तान की ओर से अब्दुल सुभान ने सबसे ज्यादा 3 विकेट लिए। मोहम्मद सय्याम ने वैभव और म्हात्रे का विकेट लिया। अली राजा को एक ही सफलता मिली। मोमिन कमर और अली हसन बलोच के खाते में भी 1-1 विकेट रहे।