देश के उत्तरी-पश्चिमी राज्यों में मौसम में तेजी से बदलाव देखने को मिलेगा। जहां पश्चिमी विक्षोभ के कारण 26 से 28 जनवरी के बीच पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों में कई जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश या बर्फबारी हो सकती है। वहीं 27 जनवरी को कुछ स्थानों पर भारी बारिश या भारी बर्फबारी के साथ ओलावृष्टि भी हो सकती है। साथ ही उत्तर-पश्चिम भारत के मैदानी इलाकों में कई जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ बिजली गिरने और ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के अनुसार 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं और झोंके 60 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकते हैं। इसके अलावा, 30 जनवरी, 2026 की रात से एक और नया पश्चिमी विक्षोभ उत्तर-पश्चिम भारत को प्रभावित कर सकता है।
पिछले 24 घंटों में कोहरा
उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के कुछ इलाकों में घना से बहुत घना कोहरा छाया रहा। इन जगहों पर विजिबिलिटी बहुत कम हो गई और कई स्थानों पर यह 50 मीटर से भी नीचे रही। इसके अलावा हिमाचल प्रदेश, पंजाब, पूर्वी मध्य प्रदेश और मेघालय के कुछ हिस्सों में भी घना कोहरा देखा गया। यहां दृश्यता 50 से 199 मीटर के बीच दर्ज की गई।
पश्चिमी उत्तर प्रदेश में सरसावा IAF में विजिबिलिटी शून्य रही, जबकि नजीबाबाद में यह 50 मीटर दर्ज की गई। पूर्वी उत्तर प्रदेश के प्रयागराज IAF में भी विजिबिलिटी शून्य रही। उत्तराखंड में रुड़की, रोशनाबाद और लक्सर में विजिबिलिटी केवल 20 मीटर रही, वहीं पंतनगर और काशीपुर में 50 मीटर दर्ज की गई। हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर में विजिबिलिटी 50 मीटर रही।