UGC के नए नियम अब सत्ताधारी भारतीय जनता पार्टी (BJP) के लिए गले की फांस बनते दिख रहे हैं। अब बीजेपी के अंदर भी इसका विरोध शुरू हो गया है। अब उत्तर प्रदेश की गोंडा सदर सीट से बीजेपी के विधायक प्रतीक भूषण सिंह और कवि डॉ. कुमार विश्वास ने सार्वजनिक तौर पर इसके खिलाफ आवाज उठाई है। UP के पीसीएस अफसर अलंकार अग्निहोत्री इसी के विरोध में इस्तीफा दे चुके हैं। साथ ही, बीजेपी के कई कार्यकर्ताओं और नेताओं ने भी इन्हीं नियमों के चलते पार्टी की सदस्यता छोड़ दी है।
उधर कई संगठनों ने दिल्ली में UGC मुख्यालय के बाहर प्रदर्शन का आह्वान किया है। इसके मद्देनजर दिल्ली पुलिस ने यूजीसी मुख्यालय के बाहर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी है। सूत्रों के हवाले से कहा जा रहा है कि जल्द ही यूजीसी की ओर से इस पर एक स्पष्टीकरण भी जारी किया जा सकता है।
कुमार विश्वास ने इशारों में कसा तंज
वहीं, कवि कुमार विश्वास ने स्वर्गीय रमेश रंजन की पंक्तियों के सहारे तंज कसा है। वह लिखते हैं, ‘चाहे तिल लो या ताड़ लो राजा, राई लो या पहाड़ लो राजा, मैं अभागा ‘सवर्ण’ हूँ मेरा,
रौंया-रौंया उखाड़ लो राजा ..।’ कुमार विश्वास ने सीधे-सीधे बात नहीं कही है लेकिन उनकी पोस्ट में हैशटैग (#UGC_Rollback) लिखा है, जिससे यह स्पष्ट है कि वह भी इसी मुद्दे पर बात कर रहे हैं।