यूरोपीय संघ की प्रमुख उर्सुला वॉन डेर लेयेन ने सोमवार को कहा कि एक सफल और मजबूत भारत पूरी दुनिया को ‘अधिक स्थिर, समृद्ध और सुरक्षित’ बनाता है। यह बात उन्होंने भारत के 77वें गणतंत्र दिवस समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने के बाद कही। यह पहली बार है जब यूरोपीय संघ के दो सबसे बड़े नेता यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लेयेन और यूरोपीय परिषद के अध्यक्ष एंटोनियो कोस्टा एक साथ भारत के गणतंत्र दिवस पर मुख्य अतिथि बने।
समारोह के बाद वॉन डेर लेयेन ने एक्स पर लिखा, ‘यह मेरी जिंदगी का सबसे बड़ा सम्मान है कि मैं गणतंत्र दिवस समारोह में मुख्य अतिथि बनी। एक सफल भारत दुनिया को ज्यादा स्थिर, समृद्ध और सुरक्षित बनाता है। इससे हम सबको फायदा होगा।’
पीएम मोदी बोले- सहयोग बढ़ेगा
इस मौके पर पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा कि दोनों नेताओं की उपस्थिति भारत और यूरोपियन यूनियन की मजबूती की दिशा में एक कदम है और यह हमारी साझी प्रतिबद्धताओं को दिखाता है।